सोमवार, 24 अप्रैल 2017

||पुस्तक सच्चा मित्र||

बनना है गर मानव तुम्हें,
और गढ़ना यदि उत्तम चरित्र.
अच्छी पुस्तकों को अपना,
बना लीजिए मित्र.

इनके अंदर हैं छुपे ,
पशु-पक्षी,राजा-रानी.
कहती कविता-गीत कभी,
कभी सुनाती ये कहानी.

किताबों से मिलता हमको,
सत्य-असत्य का ज्ञान.
जो न समझे महत्ता इनकी,
हैं वो बड़े नादान.

सीखो इनसे तुम,
माँ-पिता-गुरु की सेवा करना.
भूलकर भी पाप पथ पर,
अपने पग न धरना.

पढ़ो इन्हें,और अमल करो,
सीखो मानव धर्म.
जिससे होती हो पर पीड़ा,
करना कभी न ऐसा कर्म.

राम सा उत्तम बनो,
बनो कर्ण सा दानी,
भरत सा निर्भय बनो,
न बनो रावण अभिमानी.

आज भले तू खुश है पर,
कल तेरे आँसू बहेंगे.
संभव है साथ तुम्हारे,
कल ये अपने नहीं रहेंगे.

पर ये किताबें हैं,
जिंदगी की इक ऐसी सौगात.
कि मरते दम तक,
नहीं छूटेगा इनका साथ.

नित्य ही जो मानव,
अच्छी पुस्तकें पढ़ता है.
हर बाधा को परास्त कर,
सतत् वो आगे बढ़ता है.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

||कब से प्रभु की भक्ति करें||

एक मानव अपने यौवन में,
बस पाप कर्म में लिप्त रहा.
किया भले कुछ पुण्य किंतु,
ये विषय उसका संक्षिप्त रहा.

चोरी की,असत्य कहा,
हिंसा करी ,मदिरापान किया.
था जीवन अनमोल,मगर वह,
आधा जीवन व्यर्थ जिया.

आई जब वृद्ध होने की बेला,
और बाल होने लगे सफेद.
तब आया समझ में उसे,
जीवन मृत्यु का भेद.

सोचा वह मैं मूढ़-पापी,
काम-क्रोध का त्यजन करुँ.
मोह-माया के पार जाकर,
क्यूँ न,परमेश्वर का भजन करुँ.

पर थी तनिक विडंबना,इसलिए
गया वह एक संत के पास.
मन में थे कुछ यक्ष प्रश्न,
उत्तर की थी आस.

बोला-"इससे पूर्व कि हो जाय,
क्षीण श्रवण-दर्शन की शक्ति.
चाहता हूं भगवन कि,
मैं करुँ ईश्वर की भक्ति."

"पर मन में है एक शंका,
पहले उसका समाधान करूं.
बताइए कि कब से-कैसे,
मैं अपने प्रभु का ध्यान करूँ."

बोले महात्मा-"कुछ दिन और तू,
पाप की सरिता में बह ले.
जिस दिन मरोगे तुम,करना भक्ति शुरु,
ठीक उसी दिन से पहले."

बोला युवक-"जिस तरह जग में,
सब कुछ है अनिश्चित.
वैसे ही मृत्यु भी कब होगी,किसी की,
ये कहां है निश्चित."

"मौत तो चुपचाप ही
एक दिन मेरे निकट आएगी.
सुनेगी कुछ भी न,मेरी वह,
अपने साथ ले जाएगी."

बोले संत-"यह अकाट्य सत्य कि,
मृत्यु कभी भी है आ सकती.
इसीलिए आज से ही तुम,
करो आरंभ,प्रभु की भक्ति."

"उनका सिमरन करते जिस दिन,
तेरा मैं खो जाएगा.
उस दिन तू और तेरा जीवन,
धन्य-धन्य हो जाएगा."

इससे पूर्व कि हम भी इक दिन,
इस जग से प्रस्थान करें.
क्यों न हम भी आज से ही,
प्रभु स्मरण,भजन-ध्यान करें.

✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"

शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

||डरना मना हे||

आजकल जब में अपन फटफटी ल इस्टाट करेल धरथँव,त बाई कथे-कहाँ जात हस?बने देख के चलाबे.कहूँ मोटर गाड़ी म झन झपा जबे.अउ जब मे गाड़ी म बइठ के मेन रोड म निकलथँव त मोर जीव ह बड़ धुकुर-पुकुर करथे.
अउ डर लागथेच भई.
पेपर म रोज पड़थन कि रोड म दुरघटना ले काखरो हाथ- गोड़ टुट गे,काखरो आँखि फूट गे,काखरो ददा चले गे,अउ काखरो डैकी मर गे.
सड़क म निकले न ताहन देख,रँग-रँग के,राकछस असन गरजत-दँउड़त,बड़े बड़े-गाड़ीमन.आँखि ह रद्दा ले कहीं दूसर डहर जइस न,त तैं नइ बाँचस.बिलकुल चट्टनी हो जबे,गउ कि.
आजकल के गाड़ी चलइय्यामन घलो बड़ा डेड़होसियार जी.
एक दिन मे फटफटी म मोर बाई संग बजार जात रेहेंव.एक झन हिरो असन के टूरा चस्मा लगा के अपन गाड़ी ल हमर गाड़ी के पाछू-पाछू लानत,हारन मारत आत हे.
बाई कथे-"साइड दे-दे न जी.जल्दी जवइय्या हे लागत हे."
साइड देय बर जगा नइ राहय त में गाड़ी ल रोक देंव.
ओ टूरा गाड़ी ल राँय-राँय गरजात अउ,जे उड़ात लेगिस न कि हमर एक कनि दुरिहा जाके गाड़ीच संग,सड़क म भकरस ले उलंड गे.
मे बाई ल केहेंव-"तें सिरतौन केहे वो,कि ए ह जल्दी जवइय्या हे.लागत हे चल दीस."
आजकल गाड़ी चलइय्यामन अइसे गाड़ी दउड़अथें,कि जइसे एक कनि लेट हो जाय ले ऊँखर दाई-बाप मर जहीं.
मे गाड़ी चलात खनि चलइय्या के थोथना ल देखथँव त बड़ मजा अथे.आँखि ल बटार के,छाती ल तान के,अउ बड़ा अकड़ के अइसे बइठे रथँस कि जइसे ए मन ह अमरीस पुरी के बाप हरँय.
अउ साले मन गाड़ी ल भँवरा सरिख भन्नावत उड़ाय रथें.
कतकौन झन रद्दा म एक्सीडेंट होके घायल होवत हें,होवन दे.मरत हें,मरन दें.फेर डर का बात के?
हम ल त कहीं नइ होय न?
ओखरे सेती मे कथँव कि बेफिक्कर होके बिन हेलमेट के,फोन म टुरी संग हाँसत-गोठियावत,दारु पी के ,फटफटी म 5-6 झन ल बइठा के,अउ गाड़ी म ओभरलोड करके गाड़ी ल कुदा न ?
जब एक्सीडेंट होही तब देखे जही.
का बात के डरना भई.
केहे घलो गेय हे कि जो डर गया वो मर गया.
तोला जिये के हे न,त झन डर भई.
डरना मना हे.
एक्सीडेंट होके एक दू-बार बाँचे के मउका भगवान नि दिही का?अउ मरिच जाबे ते फेर मानुस तन का नइ मिलय?
अभी मोला बिदा देव न बाकी ल पाछू लिखहूँ.
मोला थोड़किन जल्दी जाना हे.
आप मन ल घलो जल्दी जाना हे न?
✍अशोक नेताम"बस्तरिया

||बेटी हो तो ऐसी||

जिस दिन मीना ने अपनी पहली संतान को जन्म दिया,उस दिन उसके पति सुकलू को ज्यादा खुशी नहीं हुई.लड़की जो पैदा हुई थी.
बल्कि दूसरी बार पिता बनने पर उसने खूब आतिशबाजी की.मिठाईयाँ बाँटकर उसने सबको बताया कि उनके घर लड़का हुआ है.

बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए दोनों ने गाँव छोड़ दिया और शहर में आ गए.शीला और रमेश दोनों धीरे-धीरे बड़े होने लगे.उन्होंने दोनों को पढ़ाया-लिखाया.लेकिन उनकी परीक्षाओं के प्राप्त अंकों में हमेशा ही अंतर रहा.क्योंकि रमेश को बेटा होने के कारण उनके माता-पिता ने अधिक लाड़-प्यार दिया.उसके अवगुणों की अवहेलना की.जिससे वह बुरी संगति में पड़ गया.उन्हें पता ही नहीं चला कि उनका बेटा कब जुए और शराब का आदी हो चुका है.

पर इससे अलग बेटी होने के कारण शीला को समय-समय पर अच्छे-बुरे की सीख मिलती रहती थी.पर उसने उनकी बातों को कभी नकारात्मक रुप से नहीं लिया और सदा आगे बढ़ती गई. वह अपने माता-पिता के कामों में भी अपना हाथ बँटाती थी.

अच्छी पढ़ाई के कारण शीला को एक सरकारी कॉलेज में पढ़ाने की नौकरी मिल गई.वहीं रमेश एक सरकारी ऑफिस में चपरासी ही रह गया.

समय का खेल देखिए,अपनी संतानों की अच्छी तरह परवरिश करने वाले सुकलू और मीना का आज कोई भी नहीं है.

साल भर पहले  शीला ने माँ-बाप की इच्छा के विरुद्ध दूसरी बिरादरी में विवाह कर लिया,और रही-सही कसर उनके नालायक बेटे रमेश ने पूरी कर दी.वह एक बड़े शहर में एक रईस परिवार में घर जमाई बन गया,और उसके बाद एक बार घर में झाँककर भी नहीं देखा कि,उनको बड़े जतन के साथ पालने-पोसने वाले,उनके माता-पिता कैसी दयनीय अवस्था में जी रहे हैं.

वैसे उन्हें अपनी बेटी पर बहुत प्यार आता था और अपनी सख्ती पर पछतावा भी.क्योंकि  शीला ने कोई चोरी नहीं की थी.उसने तो घर में बताया था कि वह विजय नाम के एक लड़के से प्रेम करती है,जिसके माँ-बाप नहीं हैं,जो दूसरी जाति का है,बैंक में काम करता है,और दोनों शादी करना चाहते हैं,पर उनके पिताजी अंतर्जातीय विवाह के सख्त खिलाफ थे.इसलिए वह घर छोड़कर चली गई.

आज सुकलू और मीना अपने घर में खुद को बहुत अकेला अनुभव कर रहे थे.जिन बच्चों को लेकर उन्होंने गाँव छोड़कर शहर का रुख किया था आज उन्होंने ही उनका साथ छोड़ दिया था.

अभी सुकलू और मीना किसी चिंता में डूबे थे कि घर के बाहर किसी चारपहिया वाहन के रुकने व उसके हार्न की आवाज सुनाई दी.

दोनों ने देखा कि बाहर विजय और शीला खड़े थे.

शीला बोली-"माँ-पापा!मुझे लोगों से पता चला कि आप दोनों बड़ी दुख भरी जिंदगी जी रहे हैं. यह सुनते ही मैं दौड़ी चली आई. मुझे आप दोनों की ऐसी देखी दशा नहीं देखी जाती."

"हाँ पिताजी!इसलिए हम दोनों ने फैसला किया है कि अब आप दोनों हमारे साथ,हमारे घर में ही रहेंगे.मेरे मां-पिताजी तो अब नहीं रहे. इस तरह मुझे मां-बाप का प्यार भी मिल जाएगा." विजय बोला.

दोनों की आंखों से आंसुओं की धार बहने लगी.जिस बेटे को उन्होंने अपना जाना,उसने उन्हें ठुकरा दिया.और जिस बेटी को उन्होंने जीवन भर पराया समझा,आज वही उन्हें अपना रही है.

विजय और शीला ने घर के सारे सामान पैक कर लिया और मां-पिताजी को कार में बिठाकर अपने घर ले गए.
आज सुकलू और मीना को पता चला कि आखिर बेटी क्या होती है.

लोगों ने जब ये दृश्य देखा तो उनके मुँह से बस यही वाक्य निकला-"भई बेटी हो तो ऐसी."

✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"

बुधवार, 19 अप्रैल 2017

||अब सहें मार तेज गर्मी की||

जल का महत्व न कभी समझ में आया.
न किया संचित हमने,उसे व्यर्थ ही बहाया.

वाहन दौड़ाया,सड़क पर हमने छोड़ा धुआँ.
अपनी दुर्गति हेतु स्वयं ही,खोद लिया कुआँ.

पेड़ों को अंधाधुंध काटा.
न सोचा,क्या नफा-क्या घाटा?

पशु पक्षियों तक को न छोड़ा.
हमने हर नियम को तोड़ा.

शुरु से अब तक प्रकृति को बस लूटा.
मैं,मेरा का मोह,हमसे अब तक न छूटा.

न सीखा कभी हमने,बदले में कुछ देना.
बड़े स्वार्थी हम,जाना हमने बस लेना.

बोये बीज बबूल के मानव,अमुआ कहां से पाय.
कुदरती कहर झेलें,अब करें हाय-हाय.

बहुत सताया है हमने,अपनी धरती रानी को.
अब भटक रहे हम दर-दर,बूंद-बूंद पानी को.

जब पार कर दी,सारी हदें हमने बेशर्मी की.
फिर क्यों न सहें अब मार,तेज गर्मी की.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

|| मिल गया भाई||

मोहन बहुत ही ईमानदार शिक्षक था.
ऐसा कभी नहीं हुआ कि वह इस स्कूल में लेट हुआ हो.उसके बच्चे उससे बहुत प्यार करते थे.उसकी पत्नी साथ नहीं रहती थी बल्कि दूर गाँव में रहती थी,इसलिए मोहन अपना काम स्वयं ही करना पसंद करता था.हैंडपम्प से बाल्टियों में पानी लाना,घर में बर्तन मांजना,अपने कपड़े साफ करना जैसे काम वह खुद ही करता था.

अभी हाल में ही उसका ट्रांसफर एक नए गांव में हुआ था. राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर लगा हुआ,यह एक छोटा सा गांव था,जहां ज्यादातर लोग आदिवासी थे.

यहां उसे लोगों से बहुत स्नेह,सहयोग और सम्मान मिलता था.इसी गांव में एक मुस्लिम दंपत्ति भी रहते थे,जावेद और उसकी बीवी शायरा.मोहन को स्कूल जाते हुए उनके घर सामने से ही गुजरना पड़ता था.
मोहन उसे देखने पर उनके ऊर्दू ज़बान में कभी *अस्सलाम भाईजान* कह देता. जावेद भी दुआ सलाम करता पर जावेद को लगता कि यह हमारे मुस्लिम होने के कारण हमें चिढ़ाने के लिए ही ऊर्दू लफ्ज़ इस्तेमाल करता है.वैसे तो जावेद और शायरा में बहुत प्यार था,पर कभी-कभी दोनों किसी बात पर लड़-झगड़ भी पड़ते थे.

आज भी मोहन जब स्कूल आ रहा था तब दोनों मुस्लिम दंपत्ति के बीच कुछ कहा-सुनी हो रही थी.
स्कूल में देरी हो रही थी इसलिए उसने वहां रुकना ठीक नहीं समझा और सीधे स्कूल आकर बच्चों को पढ़ाने लगा.
अभी पढ़ाते हुए आधा घंटा ही हुए होगा कि स्कूल के बाहर जावेद के घर के आस-पास चीख-पुकार मच गई.
एक आदमी स्कूल में हाँफता हुआ आया और बोला-"मास्टरजी!मास्टरजी!जावेद की बीवी कुँए में कूद गई है."

मोहन जल्दबाजी में पुस्तक टेबल पर फेंककर सीधे घटनास्थल की ओर दौड़ा.
वहाँ पहुँचकर उसने देखा कि शायरा कुएँ के अंदर गोते खा रही थी. और भीड़ के लोग केवल हाय तौबा मचाने में ही लगे थे.सब इसलिए भी शायद चुपचाप थे, कि ये तो दूसरे कौम के हैं.

पर मोहन ने आव देखा न ताव.बिना शर्ट और पेंट उतारे उसने कुएँ में छलांग लगा दी और कुछ ही देर में शायरा कुएँके बाहर थी.
जावेद और शायरा दोनों बहुत शर्मिंदा थे. जावेद ने शायरा से माफी मांगी.
उसने मोहन से कहा-" भैया. मैंने आज गुस्से में आकर पत्नी को बहुत अहसनीय बातें कह दी थी.यदि आज तुम न होते मुझे जीवन भर पर पछताना पड़ता."
शायरा ने कहा-'हां भैया!मेरे शौहर ने मुझसे जो भी कहा हो,पर मुझे भी कुएँ में कूद कर अपनी ज़िंदगी खत्म करने का क्या हक था.हमें माफ कर दो."

मोहन ने मुस्कराते हुए कहा-"मैं तुम दोनों को इस शर्त पर माफ करुंगा,कि तुम दोनों आइंदा किसी बात पर लड़ाई नहीं करोगे.मैं बार-बार कुएँ में कूद तो नहीं सकता न?

दोनों ने भी हँसते हुए कहा-"हां भैया हां.अब ऐसा ही होगा."

शायरा का कोई भाई नहीं था,इसलिए उसी दिन उसने मोहन को अपना भाई बना लिया.

उस दिन के बाद से अब,जब भी राखी का त्यौहार आता है न,शायरा अपने भाई मोहन को राखी जरूर बांधती है.

✍अशोक नेताम "बस्तरिया"

सोमवार, 17 अप्रैल 2017

||चलो बच्चे बन जाएँ हम||

माँ के सीने से लगकर
घूमें बाजार-मेले.
चलो बच्चे बन जाएँ हम.
फिर मिट्टी से खेलें.

साथियों संग मिल,
चलें नदी  की ओर.
खूब खेलें सूखी रेत में,
बेवजह ही करें शोर.
पानी के भीतर,
छलांग लगाएँ.
मन भर वहां,
देर तक नहाएँ.
मिले यदि कोई विषहीन सर्प,
उसे हाथों में ले लें.
चलो बच्चे बन जाएँ हम.
फिर मिट्टी से खेलें.

खेलें पिट्ठुल,
आंख मिचौली का खेल.
झगड़ें हम फिर,
आपस में कर लें मेल.
कागज की चलो,
पतंग-जहाज बनाएँ.
नीले आसमान में उन्हें,
जी भर उड़ाएँ.
ईंट को गाड़ी बना लें.
फिर पीछे से उसे धकेलें.
चलो बच्चे बन जाएँ हम.
फिर मिट्टी से खेलें.

बना इमली के पेड़ पर झूला,
उस पर हम झूल जाएं.
भूख-प्यास,सुख-दुख,
सब भूल जाएं.
बारिश की पानी में,
तरबतर भीग जाएँ.
आंगन में बहते जल में,
अपने कागज की नाव चलाएं.
क्या बरसात,ठंड,ग्रीष्म.
हर तरह की परेशानियाँ झेलें.
चलो बच्चे बन जाएँ हम.
फिर मिट्टी से खेलें.

जाने कब हम बड़े होंगे,
चलो बड़ों की नकल करें.
कभी गांधी बनें,
कभी विवेकानंद सा वेश धरें.
बैठ कुर्सी पर दादाजी सा,
अखबार पर नजर डालें.
पापा की बंद-खड़ी गाड़ी में बैठ,
गाड़ी की आवाज निकालें.
और माँ की देखा-देखी बेलन में,
हम भी रोटियाँ बेलें.
चलो बच्चे बन जाएँ हम.
फिर मिट्टी से खेलें.

माँ के सीने से लगकर
घूमें बाजार-मेले.
चलो बच्चे बन जाएँ हम.
फिर मिट्टी से खेलें.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

चाटी_भाजी

 बरसात के पानी से नमी पाकर धरती खिल गई है.कई हरी-भरी वनस्पतियों के साथ ये घास भी खेतों में फैली  हुई लहलहा रही है.चाटी (चींटी) क...