गुरुवार, 4 मई 2017

||श्रम के पुजारी||


हो चाहे कोई कैसा भी मौसम,
वे हर रोज दिखते हैं.
अपने पसीने से वो,
दो वक्त की रोटी लिखते हैं.

न विश्वास इन्हें,किसी जाति या धर्म में.
रहते निमग्न ये,बस अपने ही कर्म में.

कभी हथठेले को ठेलते हुए.
कभी चढ़ाई पर रिक्शे को धकेलते हुए.
और कभी बोरे पीठ पर लादे कष्ट झेलते हुए.

और भी बोझ हैं इनके सर पर,
हमारी ही तरह.

बोझ अपनी बच्चों की पढ़ाई का.
अपने खेतों में में फसल की बुवाई का.
अपनी बहन-बेटियों  के विवाह का.
और आस,एक बेहतर जीवन निबाह का.
है स्वप्न उनका भी एक छोटे से आशियाने का.
इसलिए वे सहते हँसकर,हर दुख जमाने का.

ऐसा नहीं कि इनका कोई,
हँसता-खेलता परिवार नहीं होता.
और उन्हें अपनों से प्यार नहीं होता.
पर दुखद कि इनके लिए कभी,
कोई दिन रविवार नहीं होता.

दिन-रात वे श्रमजल बहाते हैं.
उनके सपने तो पीछे छूट गए,
बस औरों के सपनों को ये सजाते हैं.

मेहनत ही ईश्वर इनका,ये श्रम के पुजारी हैं.
इनके साहस के आगे,कई असंभावनाएँ हारी हैं.

इनके चरणों में तो आलस्य भी शीश झुकाता है.
गर ये रुकें ये तो,जैसे संसार ही रुक जाता है.


हर क्षण चिंता की चिता पर लिटे,
भले ही ये हालात से कितने ही मजबूर हैं.
नमन उन्हें,कि ये तब भी,
एक ईमानदार और मेहनतकश मजदूर हैं.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

||सपनों का शहर||

जिस दिन तेरा स्मरण न किया.
फिर उस दिन,मैं क्या जिया?

बिन देखे,तुझे सुनकर ही,
हृदय तार हुए थे झंकृत.
नाम सुनकर ही तुम्हारा
तन-मन हो जाता था रोमांचित.

और तुम्हें देखा भी कब.
जिस दिन था बस्तर गोंचा पर्व.
उस दिन अपने भाग्य पर मुझे,
सचमुच हुआ था गर्व.

जाने कब से तुम कइयों की,
प्रेरणा स्रोत रही हो.
समय बदला सब कुछ बदला,
पर तुम आज भी वही हो.

बल्कि समय के साथ
तुम्हारा रूप है और भी निखरा.
सर से पैर तक है तुम्हारा,
है अप्रतिम सौंदर्य बिखरा.

मेरे मन को तुम आज भी घेरे हो.
लगता है जैसे जन्मों से तुम मेरे हो.

हो दूर किंतु आकर्षण ने तुम्हारे,मुझे कभी न छोड़ा.
इसलिए अपने नाम को,मैंने तुम्हारे साथ जोड़ा.

जिसने तुम्हें नहीं देखा.
फिर उसने क्या ख़ाक देखा.

मन के आकाश में विचरते तुम,
किसी बादल की तरह.
तेरी खूबसूरती को तो,
मैं आँखों में भर लूँ,
सदा के लिए काजल की तरह .

ऐ वक्त बस थोड़ी देर ठहर.
कि देख लूँ आज,
मैं अपने सपनों का शहर.

✍अशोक नेताम "बस्तरिया"

शनिवार, 29 अप्रैल 2017

||जब मैं मरघट से गुजरता हूँ||

एक दिन तो जब उनके पास जाना है.
तो मुझे भला किस बात पे भाव खाना है.

इसलिए जब कभी मैं मरघट से गुजरता हूँ.
तब मैं मृतात्माओं से बात करता हूँ.

कहा मैंने उनसे एक दिन उनसे,

"अपनी दुनिया में तो मानव,
अपनों से ही जल रहा है.
अच्छाई की राह त्याग कर,
असत्य के पथ पर चल रहा है.
स्वयं से उसे है संतोष नहीं
काम-क्रोध,ईर्ष्या-द्वेष में जल रहा है.
धर्मी-सत्यवादी,है बड़ा निर्धन-लाचार.
अधर्म का व्यापार फूल-फल रहा है.
न झुकना पड़ जाए कहीं बड़ों के आगे,
देख उन्हें पतली गली से निकल रहा है.
आडंबर-दिखावा ले रहा आकार
और सादापन गल रहा है.
हैवानियत हावी हो रही इस कदर,
कि इन्सानियत का सूरज ढल रहा है.
खैर बताओ तुम्हारे मृत्युलोक में
आजकल क्या चल रहा है?"

उन्होंने कहा-
"चलेगा क्या?यहाँ तो बस आनन्द ही आनन्द है.
नहीं बू नफरत की यहाँ,बस प्रेम की सुगंध है.
हैं व्यर्थ अर्जित संसार के सारे धन.
है क्षणभंगुर मानव का सुन्दर तन.
काम की अग्नि मानव को पथभ्रष्ट बनाती है.
और क्रोध की लपटें स्वयं को ही जलाती है.
माता-पिता,पति-पत्नी सारे झूठे रिश्ते-नाते हैंं.
जो एक दिन समय के बहाव में बह जाते हैं.
रह जाता है उसका नाम,जो करता है केवल अच्छे कर्म.
पर दुर्भाग्य कि प्राण रहते,हम भी न समझ सके थे ये मर्म.
आशा है तुम मेरी बातों का अनुशरण करोगे.
और जीवन में सदैव मानवीय गुणों का वरण करोगे."

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

शुक्रवार, 28 अप्रैल 2017

||आत्मिक प्रेम||

उसने कालेज में उसे जिस दिन से देखा उसी दिन से वह उसकी अदाओं पर मर मिटा था.सांवली सूरत और उसके बात करते हुए मधुर मुस्कान सचमुच आकर्षण का केन्द्र ही था.

अनिल कॉलेज में पढ़ता था.छोटे से गाँव से वह रोज पढ़ने वह शहर जाया करता था.पढ़ने में वह होशियार तो था ही इसके अलावा उसे लिखने और अभिनय करने का भी शौक था.
पर आजकल उसके लेखन की दिशा बदल गई थी.क्योंकि वह आजकल छाया के एकपक्षीय प्रेम जाल में उलझा हुआ था.वह अपने मन की बात कहना चाहता था,पर कहता कैसे?डरता जो था.यदि वह नाकाम हो गया तो?सो वह अपने मनोभावों को कागज पर काव्य रूप देता और फिर उसे फाड़कर रद्दी की टोकरी में डाल देता था.

बड़ा अजीब आदमी था अनिल.
छाया के हृदय में उसके लिए प्रेम है या नहीं उसने ये पता करने के लिए  एक तरीका निकाला.एक दिन उसने कालेज से वापस आते हुए रास्ते  से पाँच पत्थर उठा लिये.मन में विचार किया कि अगर छाया को भी  मुझसे प्रेम होगा तो इन पाँचों पत्थरों में से किसी न किसी पत्थर  से सामने वाले पेड़ के तने पर मेरा निशाना जरूर लगेगा और तब,मैं छाया से अपने मन की बात कहूँगा.
खैर उसने निशाना लगाया.
पहले-दूसरे-तीसरे पत्थर का वार,पर सब बेकार.
पर उसने हिम्मत न हारी.और जब पाँचवें और आखिरी पत्थर से सटीक निशाना लगा तो वह खुशी के मारे हवा में इस तरह ताली बजाकर उछल पड़ा जैसे उसे छाया मिल ही गई.

अगले दिन कॉलेज के लिए निकलने से पहले उसने बैलों को चारा दिया,माता-पिता के पैर छुए और ईश्वर को याद किया.उसके मन में गजब का आत्मविश्वास भरा हुआ था.

जब वह कॉलेज पहुंचा,तब संस्कृत साहित्य की कक्षा शुरू होने ही वाली थी.
वह जाकर अपनी बैंच पर बैठा. उसने देखा कि वह भी थी.अनिल की ओर देखकर छाया मुस्कुराई.
अनिल के शरीर में  जैसे प्राण ही नहीं रह गया था. आज तो जैसे कोई अप्सरा सज-धजकर साक्षात् स्वर्ग से उतर आई थी.और प्राय:आदमी को वही नजर आता है,जैसा वह देखना चाहता है.

संस्कृत साहित्य का विषय भी बड़ा मजेदार और समयानुकुल.टीचर ने आज कालिदास के नाटक अभिज्ञानशकुंतलम् पर व्यख्यान दिया.उन्होंने बताया कि यह नाटक दुष्यन्त और शकुन्तला के प्रेम,विवाह,विछोह और पुनर्मिलन की नायाब कहानी है.

इस प्रसंग ने छाया के प्रति अनिल के प्रेम को और अधिक ऊँचाईयाँ प्रदान कीं|
इतिहास,अर्थशास्त्र की कक्षाएँ लगी.पर अनिल को न अर्थशास्त्र से कोई अर्थ था,और न ही इतिहास से.
वह तो भविष्य के सुखद स्वप्नों में खोया हुआ था.

दोपहर से शाम होने को आई पर उसे वह एकांत और अवसर न मिला कि छाया से अपने मन की बात कह पाता.खैर उसने उसका मोबाईल नम्बर ले लिया.और घर वापस आया.

शाम को उसने एक दोस्त के सेलफोन से छाया को कॉल किया.
छाया के फोन रिसीव करते ही उसने डरते-डरते अपने दिल की बात एक ही साँस में कह डाली.
ये कहते हुए उसकी मनोदशा देखने लायक थी.
क्योंकि उसने छाया के हाँ या ना को ही जीवन और मृत्यु निश्चित कर लिया था
अपने हृदय का स्पंदन उसे स्पष्ट सुनाई दे रहा था,साँसे भी लंबी और गहरी चल रही थीं.

छाया ने अनिल की सारी बातें बड़े ध्यान से सुनी.उसने अनिल से फोन पर कहा कि कल क्लास शुरू होने से 1 घंटे पहले वह खुद उससे मिलेगी.

अनिल को अब कल का इंतजार है.क्योंकि कल ही मन के  संशय के बादल छँटने वाले हैं.कल ही निर्धारित करेगी उसकी जीवन और मृत्यु.और कल ही ज्ञात होगा कि उसका प्रेम सत्य है या,मात्र वह एक छाया है.

अगले दिन जब वह कॉलेज पहुँचा.क्लास में केवल छाया ही बैठी थी.

"आओ अनिल! i was just waiting for you."
छाया बोली.

"मैं जानता था कि तुम भी मुझसे प्यार करती हो.करती हो न?"-अनिल ने पूछा.

"हाँ भई मैं भी तुमसे प्रेम करती हूँ.ठीक वैसा ही प्रेम,जैसा प्रेम मैं और सबसे करती हूँ."छाया ने जवाब दिया.

"क्या मतलब?"आवाक् अनिल बोल पड़ा.

छाया ने कहा-"अनिल शायद तुम्हें नहीं मालूम कि अभी हाल ही मैं जब दीवाली की छुट्टियों में घर गई थी न.तब मेरी सगाई की बात हो गई.अभी जनवरी महीने में मेरी सगाई भी होने वाली है.ये साल मेरी पढ़ाई का आखिरी साल है.तो आय एम सॉरी उस प्यार के लिए जिसका अरमान तुम्हें मुझसे था."

अनिल रुआँसा होकर लगभग लड़खड़ाती जुबान से बोला-"पर मेरे सपनों का क्या होगा?जिन्हें मैं तुम्हारे बगैर पूरा करने के बारे में सोच भी नहीं सकता.मैं तो तुम्हारे बिना जीवन की कल्पना तक नहीं कर सकता.छाया कहीं मैं कोई आत्मघाती कदम न उठा लूँ."

खबरदार अनिल! पढ़े लिखे हो कर बेवकूफों सी बातें मत करो.मनुष्य जीवन जीवन ईश्वर से मिला है उसे समाप्त करने का अधिकार भी उनहीं को ही है.आखिर किस चीज की कमी है तुम्हारे भीतर?बल्कि तुम तो हर क्षेत्र में अव्वल हो.तुम्हारे विचार,तुम्हारे कर्म कितने नेक हैं.अनिल तुम्हारा जीवन तो कइयों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन सकता है.और कल के क्लास में भी तो सर ने प्रेम के संबंध में  यही बताया कि प्रेम का मतलब मात्र कुछ पाना नहीं बल्कि समर्पण और त्याग है."-छाया ने अनिल को झकझोरने की कोशिश की.

"लेकिन छाया?"-अनिल ने अपनी बात रखने का प्रयास किया.

"लेकिन-वेकिन कुछ नहीं अनिल.यदि तुमने मेरी देह से प्रेम किया है तो अफसोस कि तुमने प्यार की सच्ची परिभाषा नहीं जानी.पर यदि तुम मेरी आत्मा से प्रेम करते हो तो तुम सदैव मुझसे प्रेम कर सकते हो.और रही बात खोने और पाने की,तो अभी हमें अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव,जय-पराजय,सुख-दुख लाभ-हानि आदि से दो-चार होना है.असफलताओं से व्यथित होकर गलत कदम उठाने की सोचना दिलेरी नहीं बुजदिली है.फिर मैं तो कल भी तुमारी मित्र थी और आज भी हूँ.इसलिए भूलकर भी  अपने मन में गलत खयाल
आने मत देना."-छाया बोली.

तब तक और स्टुडेंट्स भी क्लास पहुँचने लगे.
कुछ देर में क्लास शुरु हो गयी थी.
पर अनिल के मन में जैसे तूफान चल रहा था.

क्लास खत्म होने के बाद छाया ने पूछा-"अभी कैसा फील कर रहे हो अनिल?"

अनिल ने मासूस चेहरे पर मुस्कान लाते हुए कहा-
"गहरा सदमा है.उबरते वक्त तो लगेगा ही न?

आज कॉलेज से वापस आते हुए अनिल के मन में
मंथन चल रहा था,विचारों का मंथन.
कितनी सुन्दर बात कही थी छाया ने.उसे तो इस बात का डर था कि कहीं छाया उसे खरी-खोटी सुनाकर हमेशा के लिए मित्रता न तोड़ दे .यदि ऐसा हो जाता तो जाने वह क्या कर बैठता.पर छाया के सकारात्मक शब्दों ने अनिल के हृदय में उसके प्रति सम्मान और अधिक बढ़ा दिया.
और तन-मन को एक नई ऊर्जा से भर दिया.

छाया से उसे एक नया शब्द मिला आत्मिक प्रेम.
और प्रेम की सच्ची परिभाषा भी.नहीं तो वह केवल शारीरिक आकर्षण को ही प्रेम समझता था.

तभी तो आज कई सालों बाद जब छाया उसके पास नहीं है,उसके मन मस्तिष्क में छाया का आत्मिक प्रेम ही छाया हुआ है.

खैर!छाया को कोई आज तक पकड़ सका है भला?

(मैंने पहली बार इस तरह की कहानी लिखी है.यदि आप सबका आशीष मिले तो आगे भी..........)

अशोक नेताम"बस्तरिया"

गुरुवार, 27 अप्रैल 2017

||चलो सोए रहें||

खूनी धरती के रूप में बस्तर की जमीं,
नामजद हो गई.
अरे ये तो,
हैवानियत की हद हो गई.

घटना के चलचित्र भेजकर उन्होंने तो,
जाहिर कर दिए अपने नापाक मन्सूबे.
पर हम हैं कि अभी तक,
कुम्भकर्णी नींद में हैं डूबे.

जिनका कुछ गया,
बस वही शोर मचाएँ.
क्या मरा हमारा कोई,
कि हम आँसू बहाएँ?

गोलियाँ चलें,रक्त बहें,
चाहे मचे चहुँ ओर हाहाकार.
किसी का बेटा मरे,कोई विधवा हो,
हमें किसी से क्या सरोकार?

बैठे रहें हम इसी राउंडिंग चेयर,
वातानुकूलित कक्ष में.
और शैतान दलते रहें मूँग,
मातृभूमि के वक्ष में.

होती रहे यूँ ही,
इन्सानियत पर वार पे वार.
हम बस शहीदों के आँकड़ों में,
करते रहें सुधार.

आग तो जंगल में लगी है,
हम मीठे सपनों में खोए रहें.
ये जब तक अपने घरों तक न पहुँचेे,
चलो बेशर्मी की चादर ओढ़कर सोए रहे.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

बुधवार, 26 अप्रैल 2017

||विपत्ति तू आ||

विपत्ति तू आ और आकर,
मुझसे टकरा जा.
मेरे स्वर्णिम स्वप्नों को,
काँच सा बिखरा जा.

आ भले तू,
शेर की तरह गर्जना करते हुए.
पर सहूंगा मैं तुझे,
सदा की तरह ही  हँसते हुए.

आकर टकराएगी तू,
मुझसे जिस भी वेग से.
भिड़ूगा मैं भी तुमसे,
उसी आवेग से.

या तू मुझे मिटाएगी,
या मैं तुझे मारूंगा.
पर मैं मानव किसी भी कीमत पर,
हिम्मत नहीं हारूँगा.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

सोमवार, 24 अप्रैल 2017

||एक और महाभारत||

दोनों ओर से चलते भीषण शस्त्र.
है रक्त रंजित भी सबके वस्त्र.

एक विस्फोट,और एक साथ क्षत-विक्षत कई देह.
ये महाभारत ही है,नहीं इसमें कोई संदेह.

हां बिल्कुल ये है महाभारत का ही युद्ध.
जहाँ खड़े हैं कुछ अपने,अपनों के ही विरुद्ध.

पर वह तो लड़ी गई थी,कुरुक्षेत्र की धरा पर.
और यह युद्ध स्थल है,शाल वनों का द्वीप बस्तर.

हैं यहां जंगलों में भी,कुछ दुर्योधन,शकुनि-दुशासन.
चाहते हैं जो शायद शस्त्र बल पर,करना यहाँ शासन.

जो अपनों को ही युद्धाग्नि में झोंक रहे हैं.
असहाय-निर्दोष लोगों पर,अकारण छुरा भोंक रहे हैं.

रोज ही पुत्र या पति खोती है,कोई न कोई नारी.
कभी इस पक्ष का,तो कभी विपक्ष का पलड़ा भारी.

कभी गांधारी अश्रु बहाती है,तो कभी कुन्ती को पीड़ा होती है.
पर बस्तर की भूमि तो,हर दिन,हर क्षण रोती है.

प्रतिदिन दोनों ही धड़ों में,छा जाता है मातम.
किसी निज को खोकर रोज ही,हो जातीं सबकी आंखें नम.

यहाँ कुछ लोग तो अधर्मी हैं ही,
पर जानते हैं इसके वास्तविक खलनायक कौन हैं?
शायद ये भीष्म,कर्ण-द्रोण जैसे लोग,
जो धर्म जानकर भी शांत-मौन हैं.

बस यहां नहीं है तो कोई एक भी,
योगेश्वर कृष्ण सा पथ प्रदर्शक.
मगरमच्छ से अश्रु बहाते,
बैठे हैं बने सब मूक दर्शक.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

चाटी_भाजी

 बरसात के पानी से नमी पाकर धरती खिल गई है.कई हरी-भरी वनस्पतियों के साथ ये घास भी खेतों में फैली  हुई लहलहा रही है.चाटी (चींटी) क...