हे प्रभु भूल कर भी,
हम अंधकार में पग न धरें।
दीपक बनकर सदा,
औरों का पथ आलोकित करें।
✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"
हे प्रभु भूल कर भी,
हम अंधकार में पग न धरें।
दीपक बनकर सदा,
औरों का पथ आलोकित करें।
✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"
रात्रि का समय,
ऊपर नभ में तारे टिमटिमाते हैं।
नीचे साल वृक्षों के बीच,
एक झोपड़ी में,दीए जगमगाते हैं।
निर्जन-शांत वन,
जहां रहती है वृद्धा एक अकेली।
युवावस्था से आज तलक,
सुलझा रही है जो जीवन की पहेली।
यौवन में मां बनने से पूर्व ही,
उसके पति चल बसे।
तब बेदर्द जमाने ने,
उस पर क्या-क्या तंज न कसे?
तब से वो बुढ़िया,
नहीं रहती अपने गांव में।
जीवन कट रहा है,
हरे-भरे पेड़ों की छांव में।
उसका बेटा उसे छोड़कर,
दूर शहर में पढ़ने गया।
गरीबी दूर करने और अपना,
सुनहरा भविष्य गढ़ने गया है।
ये विश्वास के दीए हैं,
जो उसकी देहरी पर जल रहे हैं।
लोटेगा लाल मेरा एक रोज कुछ बन कर,
उसके मन में कई स्वप्न पल रहे हैं।
पर लोग कहते हैं कि बेटा उसका,
अपनी मां को विस्मृत कर गया है।
शहर की आबोहवा में रहकर,
अब उसका जमीर मर गया है।
झूठ,हिंसा,पाप के रास्ते पर,
चलने से भी वो नहीं डरता है।
कुसंगति में पड़कर वो अब,
जुआ खेलता है,नशा करता है।
पर विश्वास है एक मां को,
न बुझेंगे उनकी आशाओं के दीए।
जो जलाएं हैं उसने ,
पुत्र को सही मार्ग दिखाने के लिए।
कहती है वो सबसे यही कि,
कभी तो उसका बेटा वापस आएगा।
पर भविष्य के गर्भ में क्या छिपा है,
ये तो समय ही बताएगा।
✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"
गोवर्धन गिरि पूजन करके कान्हा ने,
प्रकृति अर्चन का अनुपम संदेश दिया.
उसे कनिष्ठ ऊंगली पर धरकर उसने,
इन्द्र के कोप से वृंदावनवासियों का रक्षण किया.
प्रकृति के ही आशीष से,
जग में प्रसन्नता आती है.
अन्न-जल-वस्त्र आदि सब,
धरती माँ ही हमें दिलाती है.
आओ करें पंचतत्वों और,
गौ माता का वंदन-अभिनंदन.
पावन भारत की मिट्टी से,
अपने माथे पर लगाएं चंदन.
✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"
गांव में प्रायः कई प्रकार के पेड़-पौधे मिल जाते हैं.हमारे घर में भी कई वनस्पतियाँ हैं जैसे-तिखुर,टुड़गुना,पोइ भाजी,कोचइ,अमली,आम,सिवना,बहेडा़,भेलवा,रामफल,सीताफल,आलू कांदा और भी बहुत कुछ।आइए मैं उन्हीं में से कुछ पौधों के बारे में आपको बताता हूं.
साथ ही उन सबके छायाचित्र भी मैं आपके साथ बाँट कर रहा हूं.
१)जोंधरी:-
ज्वार को ही बस्तर में जोंधरी कहा जाता है.यह भुट्टे की प्रजाति का पौधा है जो लगभग 15-16 फीट ऊंचा होता है. इस पौधे के शीर्ष पर इसके सफेद बीज किसी फूल के पंखुड़ियों की तरह चारों तरफ बिखर कर नीचे की ओर झूल जाते हैं.इसके बीजों का उपयोग लाई(खील)बनाने के लिए किया जाता है.पहले विभिन्न उत्सव जैसे माहला(सगाई),छठी(नामकरण संस्कार),मरनी(मृतक कर्म) आदि के अवसर पर जोंधरी लाई का ही उपयोग किया जाता था,पर बस्तर में अब इसका उत्पादन बहुत कम होने के कारण ऐसे अवसरों पर केवट जाति के द्वारा बनाई गई लाई का उपयोग किया जाता है.
२)चिरायता:-
चिरायता के पौधे को भुँइनीम कहा जाता है.यह प्राय:पर्वतीय-पथरीले इलाकों में पाया जाता है.एक दो पौधे उग आने के बाद यह तेजी से फैल जाता है.यह औषधीय पौधा मलेरिया के रोग में बहुत ही असरकारक है.प्राय: ग्रामवासी इसे शहरों में विक्रय करने ले जाते हैं.
३)रखिया:-
रखिया को बस्तर में राखड़ी कुमडा कहा जाता है,क्योंकि इसके फल को देखने पर ऐसा प्रतीत होता है जैसे इसके चारों तरफ राख लगा दी हो. कई लोग इसकी सब्जी भी खाते हैं.प्रायः लोग इसका उपयोग बड़ी बनाने के लिए करते हैं. रखिया की बड़ी लोगों को बहुत भाती है.बाजारों में लोग इसे प्राय: जोड़ियों में बेचते हैं.
४)गन्ना:-
दंडाकार के कारण गन्ना को ही डाँडा कहा जाता है.पहले डाँडा एक प्रमुख फसल थी.इसका रस निकालकर रस से गुड़ बनाया जाता था.आज भी कइयों के घर में गुड़ बनाने वाली विशाल कड़ाही दिखाई देती है.आज भी गन्ने के गुड़ बाजारों में दिखाई देते हैं,पर अब गन्ने का उत्पादन बहुत ही कम होता है.
५)साल:-
सालवृक्ष बस्तर में सरगी के नाम से जाना जाता है.छत्तीसगढ़ का राजकीय वृक्ष भी है. बस्तर में साल वनों की अधिकता होने के कारण ही शानी ने इसे साल वनों का द्वीप कहा है.ये बहुपयोगी पेड़ है.यह बहुत विशाल पेड़ होता है.इसके पत्ते से दोने-पत्तल तैयार किये जाते हैं.ग्रामीणजन आज भी दोने-पत्तलो में ही भोजन करते हैं.गांववासी इसके बीजों का संग्रहण और विक्रय कर अच्छी आय अर्जित करते हैं.इस वृक्ष की इमारती लकड़ी बहुत मजबूत और टिकाऊ होती है.यह वृक्ष जनजातीय जीवन से बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है,इसलिए लोग इस वृक्ष की पूजा करते हैं.
६)कुन्दरु:-
कुंदरु से लगभग सभी लोग परिचित हैं.इसकी लताओं को जमीन में गाड़ देने पर यह आसानी से उठाता है.इसके फल का उपयोग साग बनाने के लिए किया जाता है.इसकी सब्जी बड़ी ही स्वादिष्ट होती है.कुछ लोगों से मैंने सुना है कि यह बुद्धि का नाश करती है,पर मुझे तो ऐसा नहीं लगता. कभी किसी विद्वान से इस विषय पर चर्चा करके देखूँगा.
७)बाँस:-
बाँस को बाँओस कह दिया जाता है.यह बस्तर का बहुत उपयोगी वृक्ष है.इससे पारधी जाति द्वारा बुट्टी(गोल छोटी टोकरी),ओडी(बड़ी गोल टोकरी),टुकना(चौकोर टोकरी),गप्पा(बड़ी चौकोर टोकरी),ढुटी(बर्तननुमा पात्र जिसमें मछली आदि रखे जाते हैं),छतोड़ी(एक तरह का छाता)चटाई आदि बनाए जाती है.बाँस के कोमल तने(बांस्ता या करील)की सब्जी भी बड़ी ही स्वादिष्ट होती है.इस प्रकार बाँस बस्तर वासियों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण वृक्ष है.
८)अरहर:-
अरहर में अ का लोप होने के कारण प्राय:इसे रहर और हल्बी में राहड़ कह दिया जाता है. क्या बस्तर में कुलथी और उड़द के बाद तीसरा सबसे महत्वपूर्ण दलहन का फसल होता है.खेतों की मेड़ों पर खड़े अरहर के हरे-भरे पौधे बहुत ही सुंदर दिखाई देते हैं.
९)जिमीकाँदा:-
जिमीकाँदा छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कंद है.इसकी सब्जी बनाई जाती है.यह कोचई(अरबी) की तरह का ही कंद है,इसलिए इसकी सब्जी बनाने समय कुछ खटाई अवश डालना पड़ता है. नहीं तो गले के नीचे खुजली होने का अनुभव होता है.
१०)हल्दी:-
बस्तर के गाँवों में अधिकांश घरों में हल्दी(हरदी)के पौधे पाए जाते हैं. हल्दी न केवल सब्जी बनाने में प्रयुक्त की जाती है बल्कि अनेक शुभ अवसर पर हल्दी का प्रयोग किया जाता है.विवाह के अवसर पर भी वर-वधू को हल्दी और तेल का लेप चढ़ाया जाता है.साथ ही हल्दी कई दिव्य औषधीय गुणों से युक्त होती है.
११)झिर्रा भाजी:-
झिर्रा को छत्तीसगढ़ी में अमारी कहा जाता है.यह लोगों की पसंदीदा भाजियों में से एक है. खट्टा स्वाद होने के कारण इसे खट्टा भाजी भी कहा जाता है. घर की बाड़ी या खेत के मेड़ ,खलियान आदि में लोग इसकी बुवाई करते हैं.इसकी फल के बाहरी लाल आवरण को भी सब्जी बनाकर खाया जाता है,तथा इससे अमचूर भी बनाई जाती है.
तुचो कान काजे,
घेनतो रली रे लेकी खिलवाँ.
तुय साँग तो आमि,
कोंडागाँव हाटे केबे मिलवाँ.
✍ अशोक नेताम "बस्तरिया"
आइए गांव में पाए जाने वाले कुछ भाजी व सब्जियों के बारे में जानें.
बोहार भाजी:
यह एक विशाल पेड़ होता है.जिसके कोमल-कोमल पत्तों से साग बनाया जाता है.साथ ही इसके फूल और फलों को से सब्जी बनाई जाती है.
पोंई भाजी:-
गहरी गुलाबी रंग की लतायुक्त हरी पत्तेदार पौधा पोंई भाजी के नाम से जाना जाता है.इसके पत्ते बहुत ही मुलायम होते हैं.इसके पत्ते से रसदार भाजी का साग बनाया जाता है जो बड़ा ही स्वदिष्ट होता है.
टुड़गुना:-
टुड़गुना(हल्बी नाम)का पौधा लगभग बैगन या धतूरे के पौधे के समान दिखता है,पर ये पेड़ की तरह बड़ा आकार लेता है व इसकी शाखाएँ कँटीली होती हैं.इसमें लगभग मटर के दाने के आकार के फल गुच्छे में लगते हैं,जिसका उपयोग सब्ज़ी बनाने में किया जाता है.
केऊ:-
केऊ छत्तीसगढ़ का प्रमुख जंगली कंद है.औषधीय गुणों के चलते घर की बाड़ियों में भी इसे उगाया जाता है.इसका साग बनाया जाता है,साथ ही बड़ी बनाते समय इसको मूसल द्वारा कूटकर बड़ी में मिला दिया जाता है.
कोचई:-
कोचई(अरबी) कंद का सब्ज़ी छत्तीसगढ़ में बहुत पसंद की जाती है.उड़द दाल को पीसकर व उसे कोचई के पत्ते से लपेटकर सब्जी बनाई जाती है.जिसे सयगोड़ा कहा जाता है.साथ ही इसके पत्ते से जुड़े हुए डंठल जिसे पिखी कहते हैं,की सब्जी भी बनाई जाती है.कोचई कंद या पिखी की सब्जी में खटाई अवश्य डाला जाता है.अन्यथा गले में खुजली होती है.
केरा(केला):-
पके केले या इसका साग आपने जरूर खाया होगा.पर शायद आपने इसके फूल की सब्ज़ी न खाई होगी.केले का सिंदूरी रंग का फूल नीचे की ओर झूल जाता जाता है.केले फूल का आवरण हटाने पर सफेद केले भ्रूण की तरह दिखाई देते हैं.जिसे साफ कर बड़ा ही स्वादिष्ट शाक बनाया जाता है.
कुमढ़ा:-
कद्दू,घीया आदि के नाम से पहचाना जाने वाला कुमढ़े का साग बड़ा ही स्वादिष्ट होता है.इसके फूल और पत्तों की सब्जी भी स्वादिष्ट और पौष्टिक होती है.
कांदा भाजी:-
यह भी बहुत प्रसिद्ध भाजी है.यह लतायुक्त पौधा होता है. इसकी पत्तियां लंबी व हाथ की उंगलियों की तरह फैली होती है.ग्रामीणजन बड़े मजे के साथ स्वादिष्ट कांदा भाजी का सेवन करते हैं.
कोलियारी भाजी:-
कोलियारी(कचनार)भाजी का भी अपना अलग ही मजा है.इसके हरे-हरे और नर्म-मुलायम पत्तियों की भाजी बड़ी ही मजेदार होती है.प्राय: उड़द के साथ इसका साग बनाया जाता है.भात अथवा पेज के साथ इसे खाना बहुत आनंददायक होता है.
मुनगा(सहजन):-
यह भी विशाल पेड़ होता है.सहजन बहुत महंगा होता है. इसके भी फूल पत्तियों और फलों की सब्जी बनाई जाती.
तिखुर:-
तिखुर का पौधा लगभग हल्दी के पौधे की तरह दिखता है.पर दोनों को पत्तियों की गंध के आधार पर सरलता से पहचाना जा सकता है.तिखुर जंगली पौधा है पर इसके औषधीय गुणों के कारण घर में भी उगाया जाता है.इसके कंद को कीसकर सफेद चूर्ण बनाया जाता है,जिसके सेवन से शरीर में ठंडकता बनी रहती है.प्राय: गर्मियों में इसकी माँग अधिक रहती है.यह बहुत ऊँचे दामों में बिकता है.
अशोक नेताम "बस्तरिया"
मत ला उदासी,
अपने मुख पर.
बहा मत आँसु आज,
अपनेे दुख पर.
ऐसा परिवर्तन तो,
होता ही रहेगा.
क्या तू ,
बस रोता ही रहेगा.
क्या नहीं देखा तुमने कि,
जो पेड़ पतझड़ में ठूँठ रह जाते हैं.
वही बहारों के मौसम में,
हरे-भरे होकर मुस्कराते हेैं.
प्राणदायिनी नदी भी जब,
भीषण गर्मी में सूख जाती है.
वर्षा होने पर वही,
कल-कल कर गीत गाती है.
रोग से पीड़ित व्यक्ति,
कितनी कड़वी दवाइयाँ खाता है.
तब जाकर वो,
बेहतर स्वास्थ्य का आनन्द पाता है.
कठिनाई शत्रु नहीं तुम्हारा,
वह तो तुम्हारा सखा है.
तुमने व्यर्थ ही अपने मन में,
भय को पाल रखा है.
आगे क्या होगा न सोच,
सब कुछ ईश्वर पर छोड़ दे.
होकर निर्भय चल पथ पर,
जीवन को एक नया मोड़ दे.
तू अकेला है तो क्या हुआ,
है संग तेरे अपनों का आशीष.
कुछ कर ऐसा कि तेरे माता-पिता,
गर्व से उठा सकें अपना शीश.
✍अशोक नेताम "बस्तरिया"
बरसात के पानी से नमी पाकर धरती खिल गई है.कई हरी-भरी वनस्पतियों के साथ ये घास भी खेतों में फैली हुई लहलहा रही है.चाटी (चींटी) क...