रविवार, 16 अप्रैल 2017

||समय एक जैसा कहाँ रहता है||

ये तो धार है नदी की,
निर्बाध बहता है.
समय सदा एक जैसा,
कहां रहता है.

है वक्त की,
बड़ी अजीब कहानी.
बचपन यौवन में और,
बुढ़ापे में ढल जाती है जवानी.

जन्म-मृत्यु का ये क्रम,
भला कब रुका है.
समय किसी के आगे,
न झुकेगा,न झुका है.

हंसने-रोने  का यह खेल,
जीवन भर चलता रहता है.
जो न समझे समय को,
वह हाथ ही मलता रहता है.

एक-एक पल है अनमोल,
ये सबसे बस यही कहता है.

ये तो धार है नदी की,
निर्बाध बहता है.
समय सदा एक जैसा,
कहां रहता है.

ईश्वर ने सुख-दुख,
सबको बराबर बांटे हैं.
जीवन की राह में,
फूल हैं,साथ ही कांटे हैं.

अभावों में ही तो,
भावनाओं का आनंद मिलता है.
दुख के आँगन में एक दिन,
प्रसन्नता का सुमन खिलता है.

संग है जिसका अभी,
संभव है कल खोना पड़े.
आज प्रसन्न हैं भले,
क्या पता क्षण भर में रोना पड़े.

है मानव वही सच्चा जो,
हंसकर सारे दुख सहता है.

ये तो धार है नदी की,
निर्बाध बहता है.
समय सदा एक जैसा,
कहां रहता है.

तू अपने ही दुर्भाग्य पर,
रोता रहेगा?
क्या तू ऐसे ही,
सोता रहेगा?

आशा विश्वास के गीत,
गाते हुए.
तू बढ़ चल बाधाओं से,
टकराते हुए.

जन्म मानव का मिला,
इसे सार्थक कर.
हिंसा-असत्य त्याग,
प्रेम-सत्य का पथ धर.

कुछ भी नहीं मिलता यहाँ उसे,
जो चुपचाप पड़ा रहता है.

ये तो धार है नदी की,
निर्बाध बहता है.
समय सदा एक जैसा,
कहां रहता है.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

||जाति न पूछो साधु की||

मिथिला नरेश जनक के दरबार में एक ऐसे साधु ने प्रवेश किया जिसका शरीर आठ जगह से टेढ़ा था.
उपस्थित सभी सभासद उसे देखकर जोर-जोर से ठहाके लगाने लगे.
वह सज्जन जिसका नाम अष्टावक्र था,चुप ही रहा.

जब सभी सभासद चुप हुए,तब सभा की चुप्पी तोड़ते हुए अष्टावक्र ने कहा-"मैंने तो समझा था कि राजा जनक के दरबार में कई विद्वान होगें,पर ये तो चमारों की सभा है."

दरबार में उपस्थित  सदस्य अष्टावक्र द्वारा कहे गए चमार शब्द से अत्यंत क्रोधित हो गए.
कई लोगों नेे कहा-"राजन!इसे इस धृष्टता के लिए कठोर से कठोर दंड दिया जाए."
राजा जनक ने कहा-"हे महत्मन्!तुम अपना परिचय दो और बताओ कि तुम ने किस आधार पर सभासदों को चमार कहा.यदि तुम संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए तो राज दरबार की अवमानना के अपराध में कठोर दंड के भागी बनोगे."
उस सज्जन ने कहा-"राजन!मैं अष्टावक्र हूं. और मैंने सही कहा कि ये सभासद जिन्होंने मुझे देखकर अट्टहास किया,चमार है़ं.हे राजन!चमार किसी पशु को यह देखकर उसका मोल करता है कि इसकी मांस,अस्थि,चर्म आदि मेरे कितने काम की है.किसी के शरीर की बनावट देखकर जो व्यक्ति उसके मूल्य का आकलन करता है.वस्तुत: वह चमार ही है.
अष्टावक्र का उत्तर सुनकर सभी मौन रह गए.
उसने और भी कई जीवनोपयोगी ज्ञान की बातें बताईं.
राजा जनक अष्टावक्र की विद्वता से अत्यंत प्रभावित हुए.उन्होंने उसे बहुत सारा धन दिया और सम्मान सहित विदा किया.

अष्टावक्र ने सच ही कहा.

कबीर दास जी ने भी तो यही कहा है

जाति न पूछो साधु की,पूछ लीजिए ज्ञान.
मोल करो तलवार की,पड़ी रहन दो म्यान.

✍अशोक कुमार नेताम

शनिवार, 15 अप्रैल 2017

||जैसी करनी वैसी भरनी||

2005 की बात है.मैं अपनी साइकिल से तेज रफ्तार से कॉलेज जा रहा था. कोंडागाँव मुख्य मार्ग पर मैंने देखा कि एक दुबला-पतला व्यक्ति स्कूटर को लुढ़काते हुए ले जा रहा था.स्कूटर शायद पंक्चर हो गई थी.उसके पीछे-पीछे एक हट्टा-कट्टा आदमी चल रहा था. पीछे चल रहे आदमी ने मुझे रोका.

उस व्यक्ति की ऊंची कद-काठी,रौबदार आवाज और माथे पर तिलक देखकर ही मैं समझ गया कि यह कोई पढ़ा-लिखा और सभ्य व्यक्ति है.और ये इनसानी फितरत है कि जो व्यक्ति जैसा होता है दूसरे को भी वह वैसा ही समझ लेता है.

उसने पूछा-"क्या आप मुझे लिफ्ट देंगे?"
जरूर-"मैंने कहा."

मेरी कॉपियाँ अपने हाथों में लेकर,वो सायकल के पीछे बैठ गया.उसने बताया कि मैं तो तुम्हें बहुत अच्छी तरह से जानता पहचानता हूँ.उसने मेरा नाम,गाँव का नाम-पता सब बिना पूछे बता दिया.
मैं आश्चर्यचकित था. मैंने किसी पुस्तक में हिप्नोटिज़्म यानी सम्मोहन विद्या के बारे में पढ़ा था की  इस विद्या का  जानकार जादुई शक्तियाँ प्राप्त कर लेता है.मैंने सोचा शायद ये आदमी इसी विद्या का उस्ताद होगा तभी तो इसने मेरे बिना बताए ही मेरे बारे में सब कुछ बता दिया.मैं इतना भी नहीं समझ पाया कि उसके हाथों में मेरे कॉपियां थी जिसमें मेरा नाम और पूरा पता लिखा हुआ था.

"क्या तुम्हारे पास कुछ रुपए हैं?"

"हां यही कोई 50 रुपये जेब में होंगे."

"मुझे 30 रुपये की आवश्यकता है.क्या आप मुझे देंगे?"

"हां,क्यों नहीं?" कौन सी परेशानी आ गई?

"हाँ भाई.तुमने जिस व्यक्ति को अभी-अभी स्कूटर लुढ़काकर ले जाते हुए देखा न,वह मेरा नौकर है.दरअसल मेरी स्कूटर पंक्चर हो गई है.मेरे पास उसे बनाने के लिए रुपये नहीं हैं.मैं तुरंत ही गाड़ी ठीक करा के बस स्टैंड पहुंचुँगा और तुम्हारे रुपए लौटा दूंगा.तुम वहां मेरा इंतजार करना."

एक गैरेज के पास उसने मुझसे साइकिल रोकने को कहा.मैंने उसे तीस रुपए दिए.उसने मुझे हृदय से धन्यवाद दिया और मुस्कुराते हुए मुझे विदा किया.

बस स्टैंड पहुंचने पर मैं लगभग 30 मिनट तक उसके बताए पते पर उसका इंतजार करता रहा.
मुझे कॉलेज के लिए देर हो रही थी. मैंने और ज्यादा इंतजार करना उचित नहीं समझा,मैंने सोचा शायद वो मुझे उल्लू बना गया हो.मैं सीधे कॉलेज के लिए निकल गया.

लगभग दो साल बाद एक दिन जब मैं कोंडागांव जा रहा था.मैंने देखा कि बीच रास्ते पर लोगों की भीड़ लगी हुई है.मुझे लगा कि शायद कोई बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई होगी.

पास में एक खड़े भाई से मैंने पूछा:-"क्या हुआ भैया?कोई सड़क दुर्घटना हो गई है क्या?"

उस आदमी उत्तर दिया:-"कोई दुर्घटना नहीं हुई है भाई.बल्कि एक ठग की धुनाई हो रही है,जो लोगों से रुपये लूटा करता है."

उस भीड़ के बीच जाकर मैंने भी उस ठग को देखा.मुझे दो साल पहले की घटना याद आई.
ये वही आदमी था,जिससे मैं भी ठगा गया था.

मेरे मुंह से निकला-जैसी करनी वैसी भरनी.

शुक्रवार, 14 अप्रैल 2017

||इंटरनेट पर रेसिपी?||

इंटरनेट पर रेसिपी यानी कि ब्लॉग्स की बाढ़ सी आ गई है.बहुत सारे ब्लॉग्स,बहुत सारे पोस्ट,और बहुत सारे ब्लॉगर.
यहां आपको बहुत लज़ीज रेसिपी तो मिलेंगी साथ ही कुछ ऐसी रेसिपीस भी मिलेंगे जो आपके गले से नीचे तो नहीं उतरेंगी लेकिन आपको इन्हें खाना ही पड़ेगा है.आखिर क्यों न खाएं?ये बड़े-बड़े ब्लॉग लिखने वाले कर्मठ लोग दिन-रात एक कर और नए-नए शोध-अनुसंधान करके इस तरह की रेसिपीस जो बनाते हैं.

बहुत सारे ब्लॉगों में देवी-देवताओं, अन्य धर्मों,जातियों,महापुरुषों पर आक्षेप और अपमानजनक टिप्पणियाँ पढ़कर मैं जरा भी आहत नहीं होता,बल्कि दिल को एक सुकून मिलता है.क्योंकि ये नौजवान खाली नहीं बैठे बल्कि कुछ तो कर रहे हैं.

मातृभूमि के लिए अपना सब कुछ लुटा देने वाले शहीदों की आत्माओं को भी बड़ी संतुष्टि और प्रसन्नता होती होगी कि उनकी भावी पीढ़ी ऐसा पुनीत कार्य करने में अपना बहुमूल्य समय और सिर खपा रही है.

औरों की निंदा करना,सच में झूठ की परत चढ़ाना,बाल की खाल निकालना,यह भी कोई मामूली काम नहीं है.बल्कि पुण्य का काम है.अरे ये तो परोपकार है भई.
और इस परोपकार का आनंद तो वही जानते हैं जो औरों की निंदा करने मैं अपना संपूर्ण जीवन व्यतीत करते हैं.

इसलिए तो कबीर दास जी ने भी निंदकों की प्रशस्ति में कहा है-

*निंदक नियरे राखिए आंगन कुटी छबाय.*
*बिन पानी साबुन बिना निर्मल करे सुभाय.*

महापुरुषों,सज्जनों परअभद्र टिप्पणियां करना भले ही खतरे से खाली नहीं है,पर ये अनुचित नहीं है. ये तो मानवीय स्वभाव है.जब हम सामने वाले के जैसा नहीं बन पाते तो हमारे मन में उस व्यक्ति के प्रति खुद ब खुद बैर का भाव आ जाता है और हम उससे जलने लगते हैं.

कुछ ब्लॉगर भाई लिखने में बहुत पसीना बहाते हैं तब जाकर इनकी रेसिपी तैयार होती है. इनकी रेसिपी में अनर्गल तर्कों का तड़का,अश्लील शब्दों के मसाले और कटु वचनों की मिर्ची जरूर होती है.ऐसी तीखी रेसिपी से वे हमेशा चर्चा में बने रहते हैं.

आजादी के दीवानों के पास देशहित से इतर सोचने की फुर्सत ही नहीं थी जो अपना घर-बार छोड़कर आजादी के समर अग्नि में छलांग लगा गए.पर आज तो हमारे पास समय ही समय है.
इसलिए क्या करें,क्या नहीं?कुछ सूझता ही नहीं.
एक गीत के बोल भी हैं-
*बस याद तुम्हें करते हैं और कोई काम नहीं.*

अपने पुरखे हमें आजादी खैरात में दे गए,सो हमारे पास कोई काम ही नहीं है.इसलिए एक दूसरे पर कीचड़ उछालो,अच्छाई में मीन मेख निकालो,सिनेमा जाकर फालतू की फिल्में देखो,गप्पे लड़ाओ,जुए खेलो,मदिरा छलकाओ, समय को किसी तरह तो खर्च करो यार.

और दूसरों के बारे में तो सोचो ही मत.
क्योंकि उनके लिए ऊपर वाला है न?

ऐसी रेसिपी बनाना,जाने मैं कब सीख पाऊंगा?

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

बुधवार, 12 अप्रैल 2017

||वो दिन कितने अच्छे थे||

वो दिन कितने अच्छे थे.
जब हम बच्चे थे.

भोली सी आँखें,मासूम चेहरा,वो तोतली बोली.
वो नीम का पेड़,वो आँगन,वो आँख मिचौली.

खिलौनों के लिए माँ-पिताजी से वो रूठ जाना.
गर्मियों के दिनों में आइसक्रीम-कुल्फी खाना.

न अच्छाई की खबर न बुराई की पहचान.
रहती थी हर वक्त चेहरे पर एक मुस्कान.

थे जैसे राजा हम,अपने मन की ही मानते थे.
क्या लोभ,झूठ,क्रोध, हिंसा,बैर कहाँ जानते थे.

भले ही ज्ञान और अनुभव के कच्चे थे.
वो दिन कितने अच्छे थे.
जब हम बच्चे थे.

वो बचपन,वो गुड़ियों के खेल,वो घरौंदे.
समय के पहिए ने,वो सब कुछ रौंदे.

वे लड़कपन के लम्हे,अब जाने कहाँ बह गए.
सुनहरे क्षण वो,केवल स्मृतियों में रह गए.

थी बहुत खूबसूरत जो,वो कहानी ले गई.
मेरा बचपन छीनकर जवानी ले गई.

काश जीवन का भी कोई रिवाइंड बटन होता.
बालक बनकर मैं फिर से मां की गोद में सोता.

जिद के पक्के,मन के सच्चे थे.
वो दिन कितने अच्छे थे.
जब हम बच्चे थे.

✍अशोक  नेताम "बस्तरिया"

||राम नाम के सुमर ना||(हल्बी)

बड़े-बड़े राजा सरला.
बल बीता रावण सरलो,
तूय बले एक दिन सरुन जासे.
राम नाम के सुमर ना,
कोन जानि केब मरून जासे.

कमाव कितरोय बले मान्तर,
ए मँझपुर ने रत ले काम देउ आय.
उपरे तूय काय के धरून जासे.
राम नाम के सुमर ना,
कोन जानि केब मरून जासे.

कमाउक नी सकिस जाले,बसु रा ओगाय,
मान्तर जलसीत आउर के,काय काज?
ए जलन चो आइग में एक दिन तूये जरुन जासे.
राम नाम के सुमर ना,
कोन जानि केब मरून जासे.

भुलकलिस कसन डंड होउन,
पोसला तुके,तुचो माय-बाप.
हुनमन चो नाव के,
काय बदनाम करुन जासे.
राम नाम के सुमर ना,
कोन जानि केब मरून जासे.

✍अशोक नेताम"बस्तरिया"

मंगलवार, 11 अप्रैल 2017

||हनुमान जी की भक्ति||

एक दिन हनुमान जी ने देखा की माता सीता आरसी पर अपना रूप निहारते हुए मांग में सिंदूर भर रही हैं.

कौतूहलवश उन्होंने सीता जी से पूछा कि-माता आप अपनी मांग में नित्य यह सिंदूर क्यों भरती हैं?

माता ने उत्तर दिया-"पुत्र हनुमान मैं अपनी मांग में सिंदूर इसलिए भरती हूँ ,क्योंकि इससे मेरे पति की आयु बढ़ती है और वे सदा मुझसे प्रसन्न रहते हैं."
माता सीता की बात हनुमान के मन में घर कर गई.

उन्होंने बहुत सारा सिंदूर लिया और उसमें घी मिलाकर उसे अपने पूरे शरीर पर लगा लिया.
अगले दिन जब प्रभु श्री रामचंद्रजी,माता सीता जी सहित राज सिंहासन पर आरूढ़ थे.सभी सभासद भी अपने-अपने आसंदियों पर विराजमान थे, तभी लाल सिंदूर से रंगे हुए हनुमान जी ने दरबार में प्रवेश किया.सभा में उपस्थित लोगों की  हंसी छूट पड़ी.सभी मारुति के रुप पर ठहाके मार कर हंसने लगे.

प्रभु श्री रामचंद्र जी ने भी मुस्कराते हुए हुए पूछा-"अरे हनुमान! तुमने आज यह कौन सा वेश धारण कर रखा है?"

हनुमान जी ने उत्तर दिया-"भगवन!कल माता सीता ने मुझे बताया कि उनकी मांग में सिंदूर भरने पर आपकी आयु बढ़ती है और इससे आप उनसे सदा प्रसन्न रहते हैं.इसलिए मैंने यह सोच कर कि इससे आपकी आयु बढ़ जाएगी और आप मुझसे बहुत प्रसन्न हो जाएंगे,मैंने अपने पूरे शरीर को सिंदूर से रंग लिया."

प्रभु श्रीराम चन्द्र ने खड़े होकर हर्षातिरेक से अपने प्रिय भक्त हनुमान जी को हृदय से लगा लिया,और उन्होंने उसे अपनी अचल भक्ति का वरदान दिया.

इस कथा से हम दो बातें सीख सकते हैं:-

1.हम क्या करते हैं इससे ज्यादा महत्वपूर्ण है कि हम किसलिए करते हैं.

2.यदि हम हँसी के पात्र बनकर भी औरों की प्रसन्नता का कारण बनते हैं तो हमारा जीना सार्थक ही है.

✍अशोक कुमार नेताम "बस्तरिया"
Email:-kerawahiakn86@gmail.com
📞9407914158

चाटी_भाजी

 बरसात के पानी से नमी पाकर धरती खिल गई है.कई हरी-भरी वनस्पतियों के साथ ये घास भी खेतों में फैली  हुई लहलहा रही है.चाटी (चींटी) क...