गुरुवार, 31 अगस्त 2017

||अस्पताल जीवन का रूप||

कभी सुख कभी दुख.
कभी छाँव कभी धूप.
ये अस्पताल भी,
है जीवन का एक रूप.

इधर कमजोर मरीज,दो कंधों के सहारे,
रोगीवाहन से नीचे उतर रहा है.
उधर कोई दूसरा भीतर से स्वस्थ हो,
अपने घर को प्रस्थान कर रहा है.

एक ओर अपने विधवा होने पर,
मंगली का रो-रोकर बुरा हाल है.
दूसरी ओर बुधनी के चेहरे पर है खुशी,
कि उसके घर हुआ प्यारा सा लाल है.

कई खिले तो हैं कई,
उदास-मायूस चेहरे.
कइयों के माथे पर,
चिंता की लकीर हैं गहरे.

यहाँ आकर भला कौन न हँसा,
और,है कौन?जो कभी नहीं रोया.
जो मिला उसे जी भर जी लूँ मैं,
क्यूँ सोंचूँ,कि मैंने क्या खोया?

अशोक नेताम "बस्तरिया"

बुधवार, 30 अगस्त 2017

||मैं तेरा लाल||

हर दिन हर क्षण.
किया बस तेरा स्मरण.
सिर पर रहा तुम्हारा हस्त.
कि हुई मेरी हर चुनौती पस्त.
डूबा था आकंठ मैं,अज्ञानता के पंक में.
पर बिठाया तुमने मुझे अपने अंक में.
माँ तुमने मुझे क्या-क्या न दिया.
पर मैंने सदा अपने कर्तव्यों को विस्मृत किया.

लेकिन अब मैं भी....
.....किसी रोते हुए व्यक्ति के आँसू पोंछ सकूँगा.
.....किसी भूखे की भूख मिटा सकूँगा.
.....किसी रोगी का उपचार करा सकूँगा.
.....किसी बच्चे की मुस्कुराने की वजह बन सकूँगा.
.....किसी असहाय-निर्धन की सेवा कर सकूँगा.

मेरी करनी से यदि,
किसी एक के चेहरे पर भी,
मुस्कान खिल गई
मैं समझूँगा कि मुझे,
दुनिया की सबसे बड़ी,
खुशी मिल गई.

तेरा लाल होके यदि मैं,
अपनों के काम न आऊँ.
तेरी सौगंध माँ कि मैं,
तेरा लाल न कहाऊँ.

✍अशोक नेताम "बस्तरिया"

||सुन्दर सरोवर||

ताल तट खड़े खजूर के पेड़,
कुछ सीधे,कुछ झुके हुए.
देखने को निज मुख जल में,
मेघ भी नील नभ में रुके हुए.

दिखता चहुँ ओर केवल,
विस्तृत हरितिमा का वैभव.
कलरव करते नभचर मानो,
गा रहे प्रकृति का गौरव.

लहराता पवन संग,
धीरे-धीरे ताल जल.
संग हिलते जल में,
खिले हुए रक्त कमल.

जल तरंग करते छप-छप,
कूल से बार-बार टकराते हैं.
स्वर्णाभ रवि रश्मियां जल में,
झिलमिल झिलमिलाते हैं.

है गंगा सी पावन-स्वच्छ,
पारदर्शी सरोवर का जल.
करे जो नित्य स्नान इसमें,
तन-मन हो जाए निर्मल.

✍अशोक नेताम "बस्तरिया"

||नुवाखाई तिहार||

देव धामी तुमके आमि,
चेगाउन्से नवा चाउर.
सबाय घर ने सांति रहो,
नी माँगु काँई आउर.

काकय काँई चिपा नी हवो,
करेन्से तुमके गुहार.
मिलुन-मिसुन मनाऊँ सबाय,
नुवाखाई चो तिहार.

अशोक नेताम "बस्तरिया"

||नयाखाई पर्व||

अग्नि,पृथ्वी,जल,वायु-नभ,
हम हैं इनके अंश.
प्रकृतिशक्ति से चल रहा,
अब तक अपना वंश.

जो हमें जिन से मिला,
उन्हें भी करें,हम कुछ अर्पण.
नए चावल का भोग देकर,
अपने पुरखों का करें तर्पण.

अपनी परंपराओं-संस्कृतियों पर,
हमें है बहुत ही गर्व.
आओ मिलकर मनाएं,
नयाखाई का पुनीत पर्व.

अशोक नेताम "बस्तरिया"

मंगलवार, 29 अगस्त 2017

||एक बाबा था||

बढा़ई दाढ़ी और,
बन गया साधु.
भक्तों पर चलाया,
अपना जादू.

बोला हिंदू न जाए काशी,
मुस्लिम न जाए काबा.
सबके उद्धार को आया है,
ईश्वर का मैसेंजर बाबा.

पर नारी सौंदर्य देखके,
वह फिसल गया.
काम की अग्नि में,
वो दुष्ट जल गया.

मुख से लिया सदा उसने,
राम-रहीम का नाम.
और किया उसने नारी अस्मिता से,
खेलने का काम.

कइयों को लूटा उसने,
कई लोगों को छला.
पर उस का जादू,
अधिक दिनों तक नहीं चला.

जो लुटेरा चलता था,
सबके बीच अकड़कर-तनकर.
पेश हुआ वो कोर्ट में,
इक दिन अपराधी बनकर.

सही सिद्ध हुए बाबा पर,
लगाए गए सारे अक्षेप.
बीस सालों की सजा हुई,
हुआ उसकी कथा का पटाक्षेप.

✍अशोक नेताम "बस्तरिया"

सोमवार, 28 अगस्त 2017

||अपना भारत अखंड||

धर्म की आड़ लेकर,
करते जो पाखंड.
मार भगाओ देश से उसे,
लेकर हाथों में दंड.

लटका दो सूली पे या,
कर दो खंड-खंड.
ऐसी करनी कर न सके कोई,
दो ऐसा कठोरतम दंड.

अग्नि जलाओ सबके भीतर,
विरोध की ऐसी प्रचंड.
कि तुरंत स्वाहा हो जाए,
इनकी हेकड़ी,इनका घमंड

जनता जनार्दन को समझे हैं क्या,
ये नीच,पापी,उद्दंड.
था कल,है आज भी,और रहेगा सदा,
अपना भारत अखंड.

✍अशोक नेताम "बस्तरिया"

चाटी_भाजी

 बरसात के पानी से नमी पाकर धरती खिल गई है.कई हरी-भरी वनस्पतियों के साथ ये घास भी खेतों में फैली  हुई लहलहा रही है.चाटी (चींटी) क...